Jul 28, 2026

मुख्यमंत्री का मिला सहयोग, डीएम के एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं अभियान को नई उड़ान,

post-img

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे 150 पुस्तकों का योगदान, अब तक 300 से अधिक पुस्तकें हुईं संग्रहित,

 

रुद्रप्रयाग। जनपद में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा शुरू किया गया ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहा है। आमजन, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के सकारात्मक सहयोग के बीच अब इस अभिनव पहल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी विशेष समर्थन प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने अभियान की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और ज्ञान के प्रसार की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास बताया है। अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने अपनी ओर से 150 उपयोगी पुस्तकें भेंट करने की घोषणा की है। ये पुस्तकें शीघ्र ही जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएंगी, जिन्हें जनपद के विभिन्न सार्वजनिक एवं शैक्षणिक पुस्तकालयों में विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु रखा जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 300 से अधिक पुस्तकों का संकलन किया जा चुका है। इनमें प्रतियोगी परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान, साहित्य, विज्ञान, इतिहास तथा अन्य विषयों से संबंधित पुस्तकें शामिल हैं। इन पुस्तकों को जनपद के पुस्तकालयों में उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री सुलभ कराई जाएगी।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पठन-पाठन की संस्कृति विकसित करने, युवाओं में ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और पुस्तकालयों को सीखने के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने का एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 150 पुस्तकें भेंट किए जाने की घोषणा इस अभियान को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान प्रदान करेगी।

उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे इस ज्ञानवर्धक अभियान से जुड़कर अपनी उपयोगी पुस्तकें दान करें, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें और रुद्रप्रयाग में ज्ञान आधारित समाज के निर्माण की दिशा में यह अभियान एक मजबूत जनभागीदारी का उदाहरण बन सके।