Jul 28, 2026

बर्सू में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विलेज लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ,

post-img

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत बर्सू में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पायल सिंह ने की।

शिविर में महिलाओं एवं ग्रामीणों को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि घरेलू हिंसा केवल शारीरिक प्रताड़ना तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक, भावनात्मक, आर्थिक एवं यौन उत्पीड़न भी इस अधिनियम के दायरे में आते हैं। साथ ही पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध संरक्षण आदेश, निवास का अधिकार, भरण-पोषण, प्रतिकर, अभिरक्षा तथा अन्य विधिक राहतों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा टोल-फ्री विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में प्राधिकरण से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बर्सू में विलेज लीगल एड क्लीनिक का भी शुभारंभ किया गया। सचिव पायल सिंह ने फीता काटकर क्लीनिक का उद्घाटन किया। यह क्लीनिक आसपास के लगभग 10 गांवों के लोगों को निःशुल्क विधिक परामर्श, विधिक सहायता, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा स्थानीय स्तर पर कानूनी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता कम होगी।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न विधिक समस्याएं एवं जिज्ञासाएं प्राधिकरण के समक्ष रखीं, जिनका संबंधित विधिक प्रावधानों के अनुरूप समाधान एवं परामर्श दिया गया। साथ ही भविष्य में भी निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सचिव पायल सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया तथा ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनके संरक्षण एवं हरित वातावरण के संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।