Jul 28, 2026

भटवाड़ी सुनार में 'सरकार जनता के द्वार' जन चौपाल, 19 शिकायतों पर हुई सुनवाई,

post-img

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गांव पहुंचा प्रशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी,

रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भटवाड़ी सुनार में मंगलवार को जिला प्रशासन की पहल पर 'सरकार जनता के द्वार' कार्यक्रम के तहत जन संवाद एवं जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर ही सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा पात्र लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जन चौपाल में ग्रामीणों ने शुद्ध पेयजल व्यवस्था, गौशाला निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, आपदा एवं अन्य मामलों में मुआवजा, किसान पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड तथा बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात सहित विभिन्न जनसमस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 19 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि इन प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध रूप से प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन की विधि भी समझाई, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जन संवाद एवं जन चौपाल कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई से संबंधित शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध रूप से अवगत कराएं।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रीति पंवार, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई सौरभ चौहान, ग्राम विकास अधिकारी लोकेश देवी, रोजगार सेवक सीमा बिष्ट, सूचना विभाग के कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।