सफाई में लापरवाही पड़ेगी भारी,
डीएम विशाल मिश्रा स्वयं करेंगे स्थलीय निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के आगामी सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को चाक-चैबंद करना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीर्थयात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यप्रद वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। इस अभियान के तहत मुख्य मार्गों, बाजारों, पार्किंग स्थलों, सार्वजनिक शौचालयों, पेयजल स्रोतों और धार्मिक स्थलों के आसपास गहन साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही प्रतिदिन की प्रगति आख्या फोटोग्राफ सहित जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने तथा “शौचालय स्वच्छता एवं पेयजल” व्हाट्सएप समूह में अनिवार्य रूप से प्रेषित करने के निर्देश दिए जिससे सतत मॉनिटरिंग की जा सके।
प्रशासनिक अमले को सचेत करते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि आगामी सप्ताह में वे स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी गंदगी, निर्देशों के अनुपालन में कमी या अधिकारियों की शिथिलता पाई गई, तो संबंधित कर्मचारी और अधिकारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और स्थानीय जनता को भी इस मुहिम से जोड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों के माध्यम से रुद्रप्रयाग को केदारनाथ यात्रा के लिए एक आदर्श जनपद के रूप में देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।