6521 परीक्षार्थी होगें शामिल,
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् रामनगर (नैनीताल) की ओर से आयोजित 21 फरवरी को हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में नकल की रोकथाम और परीक्षाओं को शान्तिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला कार्यालय में बैठक अहम आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने की जिनमें जनपद के सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस उपाधीक्षक, केन्द्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक, खण्ड शिक्षा अधिकारी आदि मौजूद थे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट ने बताया कि परिषदीय परीक्षा के लिए जनपद में 69 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, इनमें 4 संवेदनशील तथा 65 सामान्य परीक्षा केन्द्र है। परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक एकल पाली में प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक संपंन होंगी। बताया कि जनपद में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा में कुल 6521 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिनमें से हाईस्कूल के 3306 तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थी 10। वहीं इण्टरमीडिएट संस्थागत परीक्षार्थी 3180 तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थी 25 सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षा केन्द्र सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, कस्टोडियन, पर्यवेक्षक आदि की नियुक्ति की गई है।
बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर जनपद में 2 संकलन केन्द्र राइंका रतूड़ा एवं अउराइंका अगस्त्यमुनि बनाये गये हैं। प्रभावी निरीक्षण एवं अनुश्रवण को लेकर जनपद व विकासखण्ड स्तर पर सचल दल का गठन किया जा चुका है। जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों को उत्तर पुस्तिका एवं गोपनीय सामाग्री वितरित की जा चुकी है। जनपद स्तर पर त्वरित सूचनाओं अथवा समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कन्ट्रोल रूम का निर्माण किया जा चुका है। एडीएम श्याम सिंह राणा ने व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोपनीय सामग्री का वितरण पहले ही किया जा चुका है।