May 27, 2026

उपजिलाधिकारी ऊखीमठ का पीएचसी ऊखीमठ में औचक निरीक्षण,

post-img

स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई पर जताया संतोष,

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार प्रातः 10:15 बजे उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र की उपस्थिति पंजिका, भ्रमण पंजिका, आकस्मिक उपचार पंजिका, पीएमएसएमवाई पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही डिस्पेंसरी, वार्डों, अस्पताल परिसर एवं प्रतिष्ठान की साफ-सफाई तथा व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।

उपजिलाधिकारी अनिल रावत ने अस्पताल में उपचार हेतु पहुंचे मरीजों एवं उनके तीमारदारों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उपचार सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।

निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई भी व्यवस्थित मिली। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी ऊखीमठ को निर्देशित किया कि बदलते मौसम को देखते हुए संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति विशेष सतर्कता बरती जाए तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण की कार्यवाही लगातार जारी र

हेगी।