May 27, 2026

रुद्रप्रयाग में नव नियुक्त 95 पीएलवी एवं अधिकार मित्रों को मिला विधिक प्रशिक्षण,

post-img

जागरूकता और जनसेवा पर दिया गया जोर,,

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन एवं नीना अग्रवाल की अध्यक्षता में नव नियुक्त 95 पीएलवी (पैरा लीगल वालंटियर) एवं अधिकार मित्रों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विधिक एवं जनकल्याणकारी विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीना अग्रवाल ने कहा कि पीएलवी एवं अधिकार मित्र समाज में विधिक जागरूकता फैलाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति अभियान, उपभोक्ता अधिकारों तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर विशेष बल दिया।

प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में रिटेनर अधिवक्ता यशोदा खत्री द्वारा संविधान, महत्वपूर्ण कानूनों, पीएलवी की भूमिका एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

द्वितीय सत्र में टी.आर. मलेठा ने समाज कल्याण विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, पेंशन योजनाओं एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के संबंध में प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की।

तृतीय सत्र में पायल सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा योजनाएं, अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना एवं “कानूनी ज्ञान माला” के माध्यम से महत्वपूर्ण विधिक जानकारियां साझा कीं। साथ ही नालसा की वेबसाइट एवं ऑनलाइन सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

अंतिम सत्र में अशोक कुमार सैनी द्वारा महिलाओं से संबंधित कानूनों, न्यायालयीन प्रक्रियाओं, राजस्व अभिलेखों एवं बीएनएसएस-2023 के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त 95 पीएलवी एवं अधिकार मित्रों को पहचान पत्र एवं पीएलवी कैप भी वितरित किए गए।