गौरीकुण्ड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर परिजनों से मिलाया,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रुद्रप्रयाग पुलिस की सतर्कता और संवेदनशील कार्यशैली का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। गौरीकुण्ड पुलिस ने भीड़भाड़ के बीच परिजनों से बिछड़े 5 वर्षीय मासूम बच्चे को त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल खोजकर उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार 27 मई 2026 को पुलिस चेक पोस्ट गौरीकुण्ड पर जमशेदपुर, झारखंड निवासी रंजीत कुमार ने अत्यंत व्याकुल अवस्था में सूचना दी कि उनका 5 वर्षीय पुत्र लव कुमार केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौटते समय भीड़ में कहीं बिछड़ गया है। परिजनों ने बताया कि वापसी के दौरान बच्चे को कुछ देर के लिए एक कंडी संचालक के पास बैठाया गया था, लेकिन बाद में न तो वह व्यक्ति मिला और न ही उसका कोई संपर्क नंबर उपलब्ध था।
मासूम के गुम होने की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह एवं कांस्टेबल विनोद सिंह ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने घबराए परिजनों को ढांढस बंधाते हुए बच्चे को शीघ्र तलाशने का भरोसा दिलाया और यात्रा मार्ग सहित आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया।
पुलिस टीम की तत्परता, सूझबूझ और अथक प्रयासों के चलते कुछ ही समय में मासूम लव कुमार को सकुशल खोज लिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गईं। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यवाही, सेवा भावना और मानवीय संवेदनशीलता की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त कि
या।