नाटक, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण, समूहगान व श्लोकोच्चारण में प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा,
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार एवं छात्र-छात्राओं में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को पीएम श्री अ.उ. स्वामी सच्चिदानंद राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से ब्लॉक स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा मनसाराम मैन्दुली, पीटीए अध्यक्ष प्रवीण सेमवाल एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश जमलोकी ने वेद मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के लिए संस्कृत नाटक, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण, समूहगान तथा श्लोकोच्चारण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
मुख्य अतिथि संतोष रावत ने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा मनसाराम मैन्दुली ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य नरेश जमलोकी ने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति की मूल जड़ों से जुड़ी भाषा है और युवा पीढ़ी को इससे जोड़ना आवश्यक है।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद संयोजक शशि प्रसाद पुरोहित के नेतृत्व में किया जा रहा है। निर्णायक मंडल में सूरज मोहन चमोली, डॉ. किरन, अजय भट्ट, राकेश कंसवाल, शोभा डोभाल, सुखदेव सिलोड़ी, प्रवीण कुमार, प्रीति, आजाद जुयाल एवं नवीन नौटियाल शामिल रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गंगाराम सकलानी ने किया। बुधवार को कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

