govt-ads

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बाहरी एवं आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता समेत अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को निरंतर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी है। ऐसे में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था चौबीसों घंटे प्रभावी बनाए रखने तथा भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस से संबंधित आवश्यक अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों का नियमित एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी जिलाधिकारी को दी।