govt-ads

विशेष मतदाता अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक

Blog
 Image

8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा सत्यापन,

रुद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तथा नए मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक जिले के बूथों एवं मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), बीएलए-2 एवं बीएजी के माध्यम से पात्र नागरिकों का सत्यापन तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान निर्वाचन कार्मिक घर-घर पहुंचकर पात्र मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ा जा सके। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, प्रधान सहायक बाल विकास महेश्वर भट्ट, निर्वाचन से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उदयवीर बर्थवाल, कनिष्ठ सहायक संजय सिंह, सीपीआईएम के जिला सचिव मंडल सदस्य नरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरेंद्र लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।