Mar 22, 2026

अगस्त्यमुनि सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष अल्ट्रासाउंड शिविर, दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को मिला बेहतर स्वास्थ्य लाभ, जागरूकता पर भी जोर,

post-img

रुद्रप्रयाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अगस्त्यमुनि में ऊखीमठ ब्लॉक क्षेत्र से आई गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एएनसी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) जांच भी की गई, जिससे उन्हें समय पर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिल सकी।

इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित किया गया। शिविर में तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों, संतुलित पोषण, नियमित जांच एवं सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच से जटिलताओं को पहले ही पहचाना जा सकता है, जिससे जोखिम को कम किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी लाभार्थियों का पंजीकरण कर सुव्यवस्थित तरीके से जांच की गई और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर में शामिल महिलाओं ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे अत्यंत लाभकारी बताया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।