Mar 22, 2026

रुद्रप्रयाग में महिलाओं की अनोखी पहल, त्रियुगीनारायण से सोनप्रयाग तक 12 किमी पैदल रैली निकाल दिया नशा मुक्ति का संदेश, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

post-img

रुद्रप्रयाग। जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर महिलाओं ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए जागरूकता की नई मिसाल पेश की है। त्रियुगीनारायण गांव की महिलाओं ने सामूहिक रूप से 12 किलोमीटर लंबी पैदल रैली निकालकर समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।

 

यह जागरूकता रैली त्रियुगीनारायण से सोनप्रयाग तक आयोजित की गई, जिसमें गांव-गांव से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। रैली के दौरान महिलाओं ने नशे के दुष्परिणामों को लेकर लोगों को जागरूक किया और समाज के हर वर्ग से इस बुराई के खिलाफ आगे आने की अपील की।

 

रैली में शामिल महिलाओं ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसे जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

 

पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा। उन्होंने नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया। इस पहल ने क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश दिया है और यह उम्मीद जगाई है कि सामूहिक प्रयासों से नशे जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाया जा सकता है।