Feb 26, 2026

भणगा में मां छिन्नमस्ता के जयकारों से गूंजी सिलगढ़ पट्टी, 151 कलशों से हुआ भगवती का अभिषेक

post-img


रुद्रप्रयाग। जनपद के सिलगढ़ पट्टी स्थित ग्राम सभा भणगा में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। मां छिन्नमस्ता पिठासैणी के सानिध्य में आयोजित 9 दिवसीय महायज्ञ, श्रीमद् देवी भागवत महापुराण एवं शिव महापुराण के आठवें दिन भव्य जल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। भक्ति और श्रद्धा के इस समागम में भारी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने शिरकत की।
कार्यक्रम के अष्टम दिवस पर भक्तों ने भगवती के पौराणिक कुंड ’ढढ़वा नामक सौड’ से पवित्र जल लाकर 151 श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश रखकर मंदिर तक पदयात्रा की। इसके पश्चात, इसी पवित्र जल से भगवती का अभिषेक संपन्न हुआ।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान व्यास गणेश प्रसाद भट्ट ने देवी भागवत कथा के माध्यम से मां भगवती के दिव्य स्वरूप और उनके चरित्रों की व्याख्या की। वहीं, व्यास शैलेंद्र सती ने शिव महापुराण की महिमा बताते हुए पंचाक्षर मंत्र और भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा श्रवण के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल ने पौराणिक कुंड से मंदिर तक पैदल चलकर कलश यात्रा में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि मां भगवती सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें और क्षेत्र में सुख-समृद्धि आए। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए समस्त ग्रामवासियों का आभार भी व्यक्त किया। इस पावन अवसर पर वर्तमान ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत शंभू प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद सिंह राणा, ग्राम प्रधान संतोष कुमार, राकेश कोठारी, महावीर रावत, मगन सिंह, बुधीराम भट्ट, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद थे।