Feb 26, 2026

रुद्रप्रयाग में शादी समारोह से लौटते व्यक्ति पर जानलेवा हमला, सौंरा-जवाड़ी जिला पंचायत सदस्य का पति आरोपी,

post-img

रुद्रप्रयाग। जवाड़ी क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। सौंरा-जवाड़ी से जिला पंचायत सदस्य किरन नौटियाल के पति जवाड़ी निवासी राजेंद्र नौटियाल ने बीते 19 फरवरी 2026 की रात करीब 9ः30 बजे एक शादी समारोह से लौटते हुए शंभू प्रसाद नौटियाल पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावर ने लात घूंसो से पीट-पीटकर शंभू प्रसाद को लहूलुहान कर दिया, जिससे उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों आंख, कान, नाक, मुंह, कमर, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद घायल शंभू प्रसाद को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया। यहां भी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और परिवार वाले गंभीर चिंता में हैं।

पीड़ित शंभू प्रसाद नौटियाल की पत्नी नीलम नौटियाल ने बीते 22 फरवरी 2026 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में लिखित तहरीर दी। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (मारपीट), 117-2 तथा 351-3 (गंभीर चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद जवाड़ी क्षेत्र में सामाजिक तनाव बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं। क्योंकि दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी हैं और आरोपी एक जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़ा हैं। स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता की आवश्यकता है। प्रशासन से अपील है कि मामले को निष्पक्ष जांच कर जल्द दोषी को सजा दिलाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।

वहीं, प्रभारी कोतवाल निरीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामला पंजीकृत कर लिया गया है और जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।