Feb 26, 2026

जिला कार्यालय सभागार में हर सोमवार सजेगा ’जनता दरबार’, जन संवाद’ से दूर होंगी जनता की मुश्किलें,

post-img

दफ्तरों के चक्करों से मिलेगी मुक्ति“

रुद्रप्रयाग। जिला प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सुशासन को धरातल पर उतारने के लिए एक बड़ी पहल की है। अब जिले के नागरिकों को अपनी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आगामी दो मार्च से प्रत्येक सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में ’जन संवाद/जनता दरबार’ का आयोजन किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए इस व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दो मार्च से प्रत्येक सोमवार (राजकीय अवकाश को छोड़कर) प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक नियमित रूप से जनता दरबार लगेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने इस व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। एडीएम ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा, मौके पर प्राप्त शिकायतों के समाधान में अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपद की जनता से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। इस पहल से न केवल समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद भी स्थापित होगा।