रूद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में रुद्रप्रयाग पुलिस केवल सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए हर कदम पर श्रद्धालुओं की मददगार बनकर सामने आ रही है। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक तैनात पुलिसकर्मी अपनी कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और सहयोगी व्यवहार से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का दिल जीत रहे हैं।
केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस जवान श्रद्धालुओं की छोटी-बड़ी परेशानियों को भी गंभीरता से सुनकर तत्काल सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
इसी क्रम में उज्जैन (मध्य प्रदेश) के शाजापुर निवासी श्रद्धालु गिरजा शंकर पाटीदार अपनी पत्नी कृष्णा बाई के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे थे। यात्रा के दौरान भारी भीड़ में उनकी पत्नी अचानक उनसे बिछड़ गईं। पत्नी के लापता होने से पाटीदार बेहद घबरा गए और भय के कारण ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे।
ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी मनोज मठपाल ने उनकी व्यथा को समझते हुए पहले उन्हें ढांढस बंधाया और तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की। लगभग एक किलोमीटर दूर से कृष्णा बाई को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों से मिलवाया गया। इतना ही नहीं, पुलिस जवान द्वारा उन्हें यात्रा से संबंधित आवश्यक टोकन बनवाने में भी मदद की गई। पुलिस की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई से भावुक हुए पाटीदार ने रुद्रप्रयाग पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
वहीं आंध्र प्रदेश से केदारनाथ दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु दम्पत्ति ने भी रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यशैली की खुलकर सराहना की। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बेहद विनम्रता और धैर्य के साथ उनका मार्गदर्शन किया। दर्शन व्यवस्था, टोकन प्रक्रिया और सुरक्षित आवाजाही को लेकर पुलिस द्वारा हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया गया, जिससे उनकी यात्रा बेहद सुगम और सुरक्षित रही।
श्रद्धालुओं ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भारी भीड़ के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार मुस्कुराकर सेवा दे रहे हैं, जो वास्तव में “अतिथि देवो भवः” की भावना को चरितार्थ करता है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सहायता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने में जुटा हुआ है।