Jun 20, 2026

रुद्रप्रयाग नगर पालिका में जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वनिधि महोत्सव आयोजित, 19 शिकायतों का हुआ निस्तारण,

post-img

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के सभागार में अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा।

शिविर में नगर क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों द्वारा कुल 19 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। संबंधित अधिकारियों ने शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद द्वारा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले फड़ एवं फेरी व्यवसायियों के साथ ही नगर पालिका के कर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा बेहतर कार्य करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करना रहा।

इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में आए नागरिकों एवं नगर पालिका कर्मचारियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थी सेवाओं तथा जनहित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका के परियोजना प्रबंधक हिमांशु बहुगुणा, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।