Jun 20, 2026

रैंतोली स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्थाओं का लिया जायजा

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के रैंतोली स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। यह निरीक्षण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2025 तथा उच्चतम न्यायालय द्वारा सिविल अपील संख्या 6174/2023 में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन के क्रम में किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी हरेन्द्र चौहान ने जिलाधिकारी को बताया कि नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर स्रोत पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) के माध्यम से घर-घर से अलग-अलग प्रकार का कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है। एकत्रित अपशिष्ट को पृथक वाहनों के जरिए एमआरएफ केंद्र तक पहुंचाया जाता है, जहां अजैविक कचरे की वस्तुवार छंटाई कर बेलिंग मशीन से उसकी गांठें तैयार की जाती हैं और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को लेकर विक्रय किया जाता है।

उन्होंने बताया कि एमआरएफ परिसर में वर्तमान में एक ट्रॉमल मशीन, एक बेलिंग मशीन तथा एक श्रेडर मशीन स्थापित है। वहीं जैविक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए छह नाडेप पिट एवं एक ऑर्गेनिक वेस्ट कम्पोस्टिंग मशीन संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त घरेलू बायो-मेडिकल अपशिष्ट, जैसे डायपर एवं सैनिटरी पैड आदि के सुरक्षित निस्तारण के लिए 100 किलोग्राम क्षमता की इंसिनरेटर मशीन भी स्थापित की गई है।

अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 4.5 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट एकत्रित किया जाता है, जिसका उसी दिन वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही एमआरएफ केंद्र को और अधिक आधुनिक एवं विस्तारित स्वरूप देने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने नगर पालिका परिषद द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2025 एवं उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष संतोष रावत, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह पंवार, राजस्व उपनिरीक्षक प्रियंका, प्रभारी सफाई निरीक्षक चन्द्रशेखर चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।