पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश, प्रभावित लोगों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान पर जोर,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से जुड़े भूमि एवं भवन अधिग्रहण कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिग्रहण प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने नाला, नारायणकोटी एवं भेटसेम गांवों का दौरा कर भूमि एवं भवन अधिग्रहण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का गहन परीक्षण किया। अधिकारियों ने अधिग्रहण क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, प्रभावित परिसंपत्तियों, राजस्व अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया शासन की नीतियों एवं नियमानुसार पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए प्रभावित परिवारों की समस्याओं और आपत्तियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने राजस्व एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, अभिलेखों के सत्यापन में तेजी लाने तथा अधिग्रहण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर जनभावनाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही करने पर भी बल दिया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों एवं प्रभावित पक्षों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को अधिक सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के कार्यों को गति मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नया आयाम प्राप्त होगा।