Feb 13, 2026

जनपद रुद्रप्रयाग को मिला नया नेतृत्व,, नव नियुक्त जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संभाली कमान

post-img

2018 बैच के आईएएस अधिकारी, तकनीकी दक्षता और परिणामोन्मुख कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध,,

रुद्रप्रयाग। विशाल मिश्रा ने शुक्रवार को जनपद रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिला कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने ट्रेजरी का चार्ज लिया तथा अन्य प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण कीं। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

उत्तराखंड कैडर के वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी विशाल मिश्रा को केदारनाथ धाम की संवेदनशीलता एवं आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए रुद्रप्रयाग का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे अपनी परिणामोन्मुख कार्यशैली, तकनीकी दक्षता और नवाचार आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए पहचाने जाते हैं।

इससे पूर्व वे गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने पर्यटन अवसंरचना और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। इसके अतिरिक्त वे मिशन निदेशक, जल जीवन मिशन के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं, जहां ग्रामीण पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने उधम सिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर भी सेवाएं दी हैं। अल्मोड़ा जनपद में कोसी नदी पुनरुद्धार परियोजना में उनके नेतृत्व और तकनीकी दृष्टिकोण की विशेष सराहना हुई थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी विशाल मिश्रा का जन्म 10 जुलाई 1992 को हुआ। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की डिग्री हरकोर्ट बटलर टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट कानपुर से प्राप्त की तथा सिविल इंजीनियरिंग में एमटेक आईआईटी कानपुर से किया। उनकी तकनीकी पृष्ठभूमि ने अवसंरचना विकास, सार्वजनिक परियोजनाओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी क्षमता को और सशक्त बनाया है। वर्ष 2018 में 26 वर्ष की आयु में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 49 प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी ने जनपद के समग्र विकास, सुशासन, पारदर्शिता तथा आगामी चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।