Jul 06, 2026

20 सूत्रीय समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने रुद्रप्रयाग में विकास योजनाओं की समीक्षा की, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

post-img

रुद्रप्रयाग। 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के माननीय उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने सोमवार को जिला सभागार, रुद्रप्रयाग में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में उपाध्यक्ष ने विभागवार योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि तथा लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिले। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर उनकी वास्तविक प्रगति का सत्यापन भी किया जाए।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पेयजल, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, ऊर्जा, लोक निर्माण और पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों एवं संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की।

समीक्षा बैठक के उपरांत उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने शिवानंदी, कलना एवं लदोली गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं से मिल रहे लाभ का फीडबैक लिया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय सत्यापन भी किया।

उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों से उन्हें अवगत कराया, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

बैठक एवं क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संदीप भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, सभासद सुरेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।