रूद्रप्रयाग। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने पत्रकार वार्ता में बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी प्रकरण, चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की संख्या तथा समिति के कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
चढ़ावे से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि हाल ही में श्रीराम मंदिर के बाद बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे से संबंधित मामला सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल बीकेटीसी अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) से चर्चा की। इसके बाद मात्र 24 घंटे के भीतर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच समिति गठित कर दी गई। उन्होंने कहा कि समिति पारदर्शी ढंग से जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सचिव पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में विजय कपरवाण ने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति कोई निजी कर्मचारी नहीं, बल्कि बीकेटीसी का नियमित सरकारी कर्मचारी है, जो कई वर्षों से समिति में सेवाएं दे रहा है तथा पूर्व अध्यक्षों के साथ भी कार्य कर चुका है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या को देखते हुए सभी कर्मचारियों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई थी। संबंधित कर्मचारी की इस बार बद्रीनाथ धाम में तैनाती की गई थी।
कुछ संगठनों द्वारा बीकेटीसी पर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या संगठन के पास कोई ठोस जानकारी अथवा साक्ष्य हैं तो उन्हें सीधे बीकेटीसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय होगा कि यदि किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के पास ऐसी जानकारी थी तो उसने समिति या संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के बजाय अन्य माध्यमों तक सूचना कैसे पहुंचाई।
चारधाम यात्रा की प्रगति पर जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष अब तक लगभग 14 लाख श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने यात्रा के प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए इसे संतोषजनक उपलब्धि बताया।
यात्रा प्रबंधन पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। बीकेटीसी, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा अन्य सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारी अपनी नियमित जिम्मेदारियों के साथ-साथ प्रतिदिन यात्रा मार्ग का निरीक्षण भी कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि 13 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने के बावजूद केवल कुछ छोटी-मोटी घटनाएं ही सामने आई हैं और यात्रा का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। आगामी चरण के लिए भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
स्थानीय बेरोजगार युवाओं एवं अस्थायी कर्मचारियों के संबंध में उन्होंने कहा कि बीकेटीसी में बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री द्वारा समान कार्य के लिए समान वेतन की नीति पर बल दिया गया है। इसी क्रम में लगभग 160 कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ देने के संबंध में आवश्यक फाइल तैयार की जा रही है।
अंत में विजय कपरवाण ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर निकलने से पहले समुचित योजना बनाकर आएं। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने तथा पूरी तैयारी के साथ सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा करने का आग्रह किया।
उन्होंने भगवान बदरीविशाल एवं बाबा केदारनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना भी की।