Jun 15, 2026

अगस्त्यमुनि जनकल्याण शिविर में उमड़ी जनता, 89 शिकायतें दर्ज, 77 का मौके पर समाधान,

post-img

रुद्रप्रयाग। प्रदेश सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से अगस्त्यमुनि विकासखंड सभागार में आयोजित "जन-जन के द्वार, जन-जन की सरकार" कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की।

शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 89 शिकायतें और जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 77 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और अन्य विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को कई योजनाओं का लाभ भी मौके पर प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान ग्राम प्रधान सिमतोली नेहा प्रभाकर ने क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान बिजराकोट नीतू देवी ने चोपड़ा-उडामांडा मोटर मार्ग पर सुरक्षा कार्य कराने की आवश्यकता बताई। वहीं शकूर अहमद ने डांगी और पठालीधार क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोगों के पिछड़ी जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएं रखीं। ग्राम प्रधान बावई शालिनी देवी ने राइंका सिद्धपीठ तक मोटर मार्ग निर्माण तथा ग्राम प्रधान डुंगर भटवाड़ी प्रेमनाथ सिंह ने आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं और पैदल मार्गों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार विकास की मुख्यधारा से जुड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही सुनिश्चित करना है, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।