रुद्रप्रयाग। विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित शिवालय तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम एवं चंद्रशिला ट्रैक को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान तुंगनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी की प्रेरणादायक अपील पर आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य पुजारी की इस सराहनीय पहल को समर्थन देते हुए ऊखीमठ कोतवाली पुलिस, नगर पंचायत ऊखीमठ, तुंगनाथ मंदिर समिति तथा तुंगनाथ व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने देश-विदेश से दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ मिलकर चोपता से तुंगनाथ मंदिर तथा चंद्रशिला ट्रैक तक श्रमदान किया।
अभियान के दौरान ट्रैक और मंदिर परिसर के आसपास फैले प्लास्टिक कचरे, पानी की बोतलों, खाद्य सामग्री के रैपर एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर बोरों में भरा गया। इसके बाद संपूर्ण कचरे को उचित निस्तारण के लिए चोपता स्थित घोड़ा स्टैंड के समीप निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया।
स्वच्छता अभियान में रुद्रप्रयाग पुलिस की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की सभी ने सराहना की। मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों तथा श्रद्धालुओं ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्य पुजारी की अपील पर सफलतापूर्वक संपन्न हुए इस अभियान ने देवभूमि उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के बीच स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया। साथ ही लोगों को धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक धरोहरों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एसएचओ मनोज नेगी सहित अन्य मौजूद थे।