रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में एक गंभीर रूप से बीमार वृद्ध यात्री को हेली इमरजेंसी मेडिकल सेवा के माध्यम से त्वरित उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। समय पर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते मरीज को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सोमवार, 15 जून 2026 को अपराह्न 1:40 बजे सूचना प्राप्त हुई कि स्वामी विवेकानंद चिकित्सालय, केदारनाथ में भर्ती 70 वर्षीय मिथलेश की अचानक छाती में तेज दर्द होने के कारण हालत अत्यंत गंभीर हो गई है। चिकित्सकों द्वारा तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्र भेजे जाने की आवश्यकता बताई गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन द्वारा एम्स ऋषिकेश की हेली इमरजेंसी मेडिकल टीम के साथ समन्वय स्थापित किया गया। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद लगभग दो बजे हेलीकॉप्टर केदारनाथ पहुंचा और मरीज को चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित रूप से एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
यूकाडा, जिला प्रशासन तथा हेली इमरजेंसी मेडिकल टीम के संयुक्त प्रयासों से मरीज को समय रहते बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। प्रशासन ने बताया कि अब तक हेली इमरजेंसी मेडिकल सेवा के माध्यम से 15 से अधिक गंभीर मरीजों को केदारनाथ से एम्स ऋषिकेश भेजकर उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है।
चारधाम यात्रा के दौरान संचालित यह हेली इमरजेंसी सेवा श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित कर रही है।