Feb 17, 2026

नीहारिका तोमर ने संभाली रुद्रप्रयाग पुलिस की कमान, 20वें पुलिस अधीक्षक के रूप में संभाला पदभार,

post-img



’जीरो टॉलरेंस’ और ’सुरक्षित चारधाम यात्रा’ पहली प्राथमिकता
रुद्रप्रयाग। जनपद की नवनियुक्त नीहारिका तोमर ने जनपद के 20वें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों से बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और अपराध की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान एसपी ने जिला मुख्यालय में सभी थाना और शाखा प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के प्रति पुलिस ’जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगी। उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में साइबर अपराध पर लगाम, महिला सुरक्षा और जनपद को नशा मुक्त बनाना शामिल है।
22 अप्रैल से शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत एसपी ने अभी से कमर कसने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को पिछले वर्षों की यात्रा के फीडबैक के आधार पर ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
उन्होने जनपद में चलने वाले विशेष सत्यापन अभियान ’ऑपरेशन क्रैक डाउन’ को लेकर विशेष टीमें गठित कर होटलों, होमस्टे, ढाबों और किराये पर रह रहे बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने, संदिग्धों का डेटा राष्ट्रीय पोर्टल से मिलान कर उनकी पहचान पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होने आम जनता से अपने किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।