रूद्रप्रयाग।
विश्व प्रसिद्ध 11वें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष आस्था, विश्वास और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा ने अब तक के कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं और अब तक साढ़े 8 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं।
हर दिन हजारों श्रद्धालुओं की भारी आमद के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन एवं विभिन्न सेवा एजेंसियों द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं के लिए रहने, भोजन, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य जांच और आपातकालीन सेवाओं की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
पैदल यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पेयजल केंद्र, साफ-सुथरे शौचालय, मेडिकल सहायता केंद्र और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती श्रद्धालुओं को राहत प्रदान कर रही है। वहीं धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को भी उच्च स्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यात्रा व्यवस्थाओं से संतुष्ट श्रद्धालु प्रशासन और सरकार की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं। इंदौर से बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पैदल यात्रा की और पूरे मार्ग में उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलीं। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था सुचारू रही, शौचालय साफ-सुथरे थे तथा धाम में रहने और भोजन की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक रहीं। उत्तर प्रदेश के शामली से आए श्रद्धालु सजीव कुमार ने कहा कि धाम में भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को बेहद व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं संभालना आसान कार्य नहीं होता, लेकिन प्रशासन ने इसे प्रभावी ढंग से प्रबंधित किया है।
वहीं मुंबई से पहुंचे श्रद्धालु हर्षित ने भी यात्रा व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि धाम में प्रशासनिक टीमें हर समय श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर दिखाई देती हैं। उन्होंने कर्मचारियों के व्यवहार और सेवा भावना की भी सराहना की।
आस्था और श्रद्धा के इस महापर्व में प्रशासन की सतर्कता, बेहतर प्रबंधन और श्रद्धालुओं का उत्साह मिलकर केदारनाथ यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।