Apr 27, 2026

केदारनाथ यात्रा: मौत के मुंह से खींच लाई प्रशासन की तत्परता, गंभीर बीमार नेपाली श्रद्धालु का एयर रेस्क्यू

post-img


रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा  में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन की संवेदनशीलता एक बार फिर मिसाल बनी है। प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के संयुक्त प्रयासों से एक 20 वर्षीय नेपाली श्रद्धालु को समय रहते एयर रेस्क्यू कर सुरक्षित हायर सेंटर भेजा गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
जानकारी के अनुसार, जुमला नेपाल निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मण अधिकारी यात्रा के दौरान अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अविलंब उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी।
मरीज की जान बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर राहत टीमें सक्रिय हुईं। सोमवार दोपहर सवा एक बजे एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मरीज को अस्पताल से केदारनाथ हेलीपैड तक पहुंचाया। बिना समय गंवाए हेली सेवा के माध्यम से उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र, जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के लिए सुरक्षित रवाना किया गया।
 

24x7 अलर्ट मोड पर प्रशासन’’
 मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सुरक्षा बलों के बीच जो समन्वय दिखा, उसी का परिणाम रहा कि बेहद कम समय में मरीज को उचित उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका।
 

यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु का जीवन अनमोल है। आपात स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी टीमें 24 घंटे तैनात हैं। हमारा लक्ष्य सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है। - विशाल मिश्रा, जिलाधिकारी