Feb 15, 2026

केदार घाटी शोकाकुल: बीकेटीसी सदस्य एवं वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती का निधन,,

post-img

ऊखीमठ। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य एवं वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती के आकस्मिक निधन से केदार घाटी में शोक की लहर छा गई है। उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, केदार सभा, तीर्थ पुरोहित समाज, व्यापारियों, परिजनों एवं ग्रामीणों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

84 वर्षीय श्री पोस्ती का बीते शनिवार की देर शाम हृदयाघात से निधन हो गया। वे पिछले दो दशकों से लगातार बीकेटीसी के सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और धार्मिक व्यवस्थाओं में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

केदारनाथ यात्रा संचालन में दशकों तक उनकी सक्रिय भागीदारी रही। केदार घाटी में आयोजित धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। लेखन और सोशल मीडिया के क्षेत्र में भी वे सक्रिय रहे तथा धार्मिक विषयों पर उनकी पकड़ गहरी मानी जाती थी।

उनके निधन पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, पूर्व विधायक मनोज रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भट्ट, अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी सीईओ विजय प्रसाद थपलियाल, शिव शंकर लिंग, टी गंगाधर लिंग सहित बीकेटीसी पदाधिकारियों, केदार सभा, तीर्थ पुरोहित समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि श्रीनिवास पोस्ती का जीवन धार्मिक सेवा, सामाजिक समर्पण और केदारनाथ धाम की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पित रहा। उनका योगदान केदार घाटी के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।