ऊखीमठ पीएचसी के उच्चीकरण की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू,

Blog
 Image

अमर शहीद अशोक कैशिव को श्रद्धांजलि देकर आंदोलन का आगाज, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दिया समर्थन,

 

रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी 

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण सहित क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार से तहसील परिसर ऊखीमठ में शुरू हो गया। आंदोलन शुरू करने से पूर्व आंदोलनकारियों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

धरने के पहले दिन विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऊखीमठ धार्मिक, पर्यटन और सीमांत दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन यहां की स्वास्थ्य सेवाएं आज भी अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित नहीं हो पाई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की स्वास्थ्य जरूरतें भी निर्भर रहती हैं। ऐसे में पीएचसी का उच्चीकरण समय की प्रमुख आवश्यकता है।

आंदोलनकारियों ने कहा कि तहसील के दूरस्थ गांवों से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग अथवा बड़े अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती है। आपात स्थिति में दूरी और सीमित स्वास्थ्य संसाधन मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा देते हैं। पीएचसी के उच्चीकरण से क्षेत्रवासियों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवंत रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष आरती शैव, वन पंचायत सरपंच पवन राणा और छात्र नेता विराट भट्ट ने धरने में भाग लिया। जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पर ठोस एवं सकारात्मक निर्णय होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।