जनहित के कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश, 15 दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट,
रुद्रप्रयाग। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य सबसे प्रमुख विषय रहे। सदस्यों ने विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण, डामरीकरण, सुरक्षा दीवारों, नालियों की सफाई, स्कवर निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण से जुड़े मामलों को उठाया। विशेष रूप से बस्टी डुंगर, तूना-पोंठा, चोपता-बड़गांव, चोपता-फलासी, छेनागाड़-बक्शीर मोटर मार्गों तथा उच्चोला मार्ग पर प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने कई परियोजनाओं में हो रही देरी और तकनीकी बाधाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। वहीं सन बैंड क्षेत्र के समीप प्रस्तावित गेट निर्माण कार्य में हो रहे विलंब का मुद्दा भी बैठक में जोर-शोर से उठा, जिस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया।
बैठक में पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के दौरान कुछ विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए भविष्य में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की हिदायत दी।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, जिला पंचायत सदस्य अमित मैंखंडी, जयवर्धन कांडपाल, गंभीर सिंह बिष्ट, किरण नौटियाल, संपन्न नेगी एवं पवन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेंद्र गुसाईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग उखीमठ आर.पी. नैथानी, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार, जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।