कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, नगरासू-कर्णप्रयाग मामलों में उठाए कई सवाल,
चारधाम यात्रा की सुरक्षा और नगरासू प्रकरण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग,
रुद्रप्रयाग। जिला कांग्रेस कमेटी रुद्रप्रयाग ने नगरासू एवं कर्णप्रयाग से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
पत्रकार वार्ता के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कर्णप्रयाग में निहंगों के एक समूह और स्थानीय युवाओं के बीच हुए विवाद तथा नगरासू स्थित गुरुद्वारे से संबंधित घटनाओं के संदर्भ में विभिन्न बिंदुओं को उठाया गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कर्णप्रयाग प्रकरण में स्थानीय युवाओं से संबंधित मुकदमे की विवेचना हरिद्वार जनपद को हस्तांतरित किए जाने से स्थानीय युवाओं का मानसिक उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच चमोली पुलिस द्वारा ही कराई जाए।
कांग्रेस ने नगरासू प्रकरण में भी दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हुई घटनाओं से प्रदेश की छवि और यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिसकी गहन जांच होनी चाहिए।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यात्रा सीजन के दौरान असामाजिक तत्वों और हथियारों के साथ यात्रा करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में प्रशासन विफल रहा है। पार्टी ने मांग की कि यात्रा को प्रभावित करने वाले किसी भी संभावित षड्यंत्र अथवा घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इसके अतिरिक्त कांग्रेस नेताओं ने हेमकुंड साहिब क्षेत्र में उपलब्ध कराई गई भूमि का उल्लेख करते हुए लक्ष्मण मंदिर के लिए भी भूमि उपलब्ध कराने की मांग मुख्यमंत्री से की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून व्यवस्था एवं चारधाम यात्रा से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है तथा सरकार को जनभावनाओं के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप कंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व प्रमुख प्रदीप थपलियाल, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश गुसाईं, पूर्व प्रमुख विनोद चंद, पूर्व प्रधानाचार्य विक्रम सिंह भंडारी, कांग्रेस नेता तनुज पुरोहित, जिला सचिव बीरेन्द्र बुरोला, जगदीश रावत, सुमित रावत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।