Aug 18, 2026

चोपता भाजपा मंडल की बैठक में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर,

post-img

मंडल पालक के रूप में पहुंचीं ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, आगामी चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल चोपता की मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंडल पालक के रूप में पहली बार पहुंचीं अगस्त्यमुनि विकासखंड की ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। बैठक का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। 

 

मंडल महामंत्री दीपक नेगी के संचालन में आयोजित बैठक में मंडल प्रभारी बीना राणा और मंडल पालक भुवनेश्वरी देवी ने कार्यकर्ताओं का परिचय प्राप्त करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। मंडल प्रभारी बीना राणा ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। मंडल पालक भुवनेश्वरी देवी ने बैठक में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि अगस्त्यमुनि विकासखंड के अंतर्गत 159 ग्राम सभाएं आती हैं और सभी क्षेत्रों का ध्यान रखना उनका दायित्व है। 

 

भाजपा संगठन ने उन्हें चोपता मंडल में पालक की जिम्मेदारी दी है, जिसे वह जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि विकासखंड में सरकारी कार्यों के लिए आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उन्होंने आमजन के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि विकासखंड के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों को गति देना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। 

 

वहीं, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने संगठन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि भाजपा मंडल चोपता में आठ शक्ति केंद्र और 29 बूथ हैं तथा मंडल के अंतर्गत 34 ग्राम सभाएं आती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। संगठन की शक्ति ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी शक्ति के बल पर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आगामी चुनावों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। 

 

बैठक में भाजपा जिला मंत्री मगन सिंह नेगी, जीत सिंह मेवाल, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्ष लाल, तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित दुर्गा करासी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सचेंद्र रावत, मंडल मीडिया प्रभारी मानेंद्र कुमार, अनुसूचित मोर्चा जिला महामंत्री अमित कुमार, मंडल महामंत्री भागचंद लाल, मंडल उपाध्यक्ष मिनाक्षी बर्तवाल, विक्रम पेलड़ा, गौरव सुप्रियाल, अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष कुलदीप कुनियाल, रामेश्वर सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह नेगी, भूपेंद्र बर्तवाल, शंकर नेगी, यशपाल सिंह रावत, हिम्मत सिंह रावत, महेंद्र नेगी, गोकुल लाल टम्टा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति मौजूद रही।