ऊखीमठ/रूद्रप्रयाग तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान के हनुमान मंदिर में दो दिनों से चल रहे अखंड रामायण पाठ का मंगलवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। इस दौरान पूरा रामलीला मैदान भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयघोष से गूंजता रहा। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और हवन कुंड में आहुति देकर क्षेत्र, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि तथा सर्वकल्याण की कामना की।
अखंड रामायण पाठ के शुभारंभ से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। दो दिनों तक रामायण की चौपाइयों, भजनों और श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्थानीय रामभक्तों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी पाठ में सहभागिता की।
मंगलवार को पंडित राजन सेमवाल के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया गया। श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुति देकर सुख-शांति और सर्वकल्याण की प्रार्थना की। पूर्णाहुति के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।
आयोजक राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि अखंड रामायण पाठ का उद्देश्य क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करने के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रामायण में निहित त्याग, सेवा, सत्य, धर्म और मर्यादा के आदर्श आज भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं।
इस अवसर पर शिक्षाविद भूपेंद्र राणा, शिव सिंह पंवार, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पाण, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा एवं सामाजिक एकता मजबूत होती है।
कार्यक्रम में उद्योगपति खुशहाल सिंह नेगी, पूर्व प्रधान संदीप पुष्पाण, राय सिंह धर्मवाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, हेमलता नौटियाल, रजनी भल्ला, पूनम नौटियाल, जगमोहन पंवार, बीना पंत, अनुजा तिवारी, शिव प्रसाद त्रिवेदी, मंजू रावत, दलवीर रावत, विनोद नौटियाल, धर्मेंद्र नेगी, अशोक तिवारी, राम सिंह रावत, आलोक पंत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयघोष से देर तक रामलीला मैदान का वातावरण भक्तिमय बना रहा।