May 22, 2026

खाद्य एवं औषधि सुरक्षा को लेकर डीएलएसए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

post-img


रुद्रप्रयाग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव पायल सिंह की अध्यक्षता खाद्य संरक्षा एवं औषधि सुरक्षा संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। 
बैठक में सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन मनोज कुमार सेमवाल तथा औषधि निरीक्षक अमित कुमार आजाद ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जनसामान्य को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ और औषधियां उपलब्ध कराने, मिलावटी खाद्य सामग्री एवं अवैध दवाइयों की रोकथाम, खाद्य एवं औषधि सुरक्षा संबंधी अधिनियमों के प्रभावी अनुपालन तथा जनस्वास्थ्य संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्राधिकरण सचिव पायल सिंह ने आमजन को खाद्य एवं औषधि सुरक्षा के प्रति जागरूक किए जाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ एवं दवाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनस्वास्थ्य के संरक्षण को लेकर मिलावटखोरों एवं अवैध दवाइयों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को खाद्य एवं औषधि सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाई जा सके।