रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत जिला स्तर पर आयोजित चयन ट्रायल्स गुरुवार को संपन्न हो गए। जिला क्रीड़ा विभाग की ओर से 16 अगस्त से आयोजित इन ट्रायल्स में जिलेभर से करीब 800 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
ट्रायल्स के दौरान एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित 12 खेलों में खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी गई। चयन प्रक्रिया बैटरी टेस्ट के आधार पर हुई। इसमें 30 मीटर फ्लाइंग रन, शटल रन, 800 मीटर दौड़, वर्टिकल जंप और मेडिसिन बॉल थ्रो के साथ संबंधित खेलों का कौशल परीक्षण भी कराया गया।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक आयुवर्ग और खेल में दो-दो बालक एवं दो-दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। वहीं एथलेटिक्स में तीन-तीन बालक एवं बालिकाओं का चयन होगा। निर्धारित आयु वर्गों में कुल 100 बालक और 100 बालिकाओं समेत 200 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को योजना के तहत छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। योजना का उद्देश्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को आर्थिक प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। जिला स्तर पर आयोजित ट्रायल्स में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी से जिले में खेल प्रतिभाओं को लेकर उत्साह भी देखने को मिला।