Aug 20, 2026

चोपता-तुंगनाथ में चला वृहद स्वच्छता अभियान, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश,

post-img

रुद्रप्रयाग। उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और पर्यटक शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई कर कूड़ा-कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया।

 

अभियान के दौरान अधिकारियों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों, पैदल मार्गों तथा प्राकृतिक क्षेत्रों में कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ और बेहतर जीवन के लिए आवश्यक है। चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल अभियान चलाने से स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार में स्वच्छता को अपनाना होगा। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट खुले में न फेंकने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक करता है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियानों से आमजन में अपने दायित्वों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने कहा कि चोपता-तुंगनाथ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण यहां आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि के साथ क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखना चुनौती भी है। इसके लिए प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने पर्यटकों से प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग करने और कूड़ा खुले में न डालने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि प्रशासन क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों से भी अपने आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रखने तथा पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र न केवल इसकी प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखेगा, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर वातावरण भी उपलब्ध कराएगा।

अभियान में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे।