Aug 20, 2026

डीएलएड प्रशिक्षुओं को रोजगार और कौशल विकास की जानकारी, 61 छात्र-छात्राओं ने लिया वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर में भाग,

post-img

रुद्रप्रयाग। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रतूड़ा में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डीएलएड के 61 प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने प्रशिक्षुओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, रोजगार पोर्टलों और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने रोजगार पंजीयन, रोजगार प्रयाग पोर्टल, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, इंडिया स्किल प्रतियोगिता-2026, भाषा प्रशिक्षण तथा मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना के संबंध में विस्तार से बताया।

 

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी एवं शैक्षिक योग्यता के साथ कौशल विकास भी रोजगार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को सरकारी रोजगार पोर्टलों पर समय से पंजीकरण कराने के साथ ही विभिन्न प्रशिक्षण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेकर अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

 

शिविर के दौरान कई छात्र-छात्राओं ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता-2026 के लिए मौके पर ही पंजीकरण कराया। डायट प्रशासन ने जिला सेवायोजन कार्यालय की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के मार्गदर्शन शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

इस अवसर पर सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन रावत एवं पुष्कर लाल, डायट प्राचार्य विजय कुमार चौधरी, प्राध्यापक डॉ. विनोद यादव, श्रीमती ममता सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।