Jun 26, 2026

गढ़वाली बोली में महिलाओं से रूबरू हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, बोले— स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नई ताकत

post-img

रुद्रप्रयाग। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को गति देते हुए शुक्रवार को जनपद के बच्छणचयू-काण्डई स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल परिसर में ग्रामीण विकास, लघु एवं सूक्ष्म-मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ गढ़वाली बोली में आत्मीय जनसंवाद किया। 

 

स्थानीय भाषा में हुए संवाद ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया और महिलाओं ने भी खुलकर अपनी समस्याएं, सुझाव एवं अनुभव मंत्री के समक्ष रखे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, लघु उद्योग एवं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह आज केवल बचत का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बन चुके हैं और इनके माध्यम से महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो रहा है।

 

उन्होंने महिलाओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की मुख्यधारा से अंतिम व्यक्ति को जोड़ना है और इसी संकल्प के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

 

मंत्री ने बच्छणचयू क्षेत्र की भौगोलिक एवं प्राकृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जलवायु कीवी उत्पादन तथा बांस आधारित उद्योगों के लिए अत्यंत अनुकूल है। यदि स्थानीय स्तर पर संगठित प्रयास किए जाएं तो यह क्षेत्र कृषि आधारित उद्यमों और ग्रामीण उद्योगों का बड़ा केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए ऋण, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध करा रही है।

 

उन्होंने जानकारी दी कि अब तक सरकार द्वारा लगभग पांच लाख स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कार्यक्रम के दौरान तीन महिला लाभार्थियों को लक्ष्मी किट भी वितरित की गई। वहीं सूचना विभाग की टीम ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। 

कार्यक्रम का सफल संचालन पिंटू भंडारी ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, पशुपालन अधिकारी डॉ. रचना थपलियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, वाचस्पति सेमवाल सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।