Jun 26, 2026

दूरस्थ बांगर पट्टी के होनहार आदित्य मेंगवाल बने परमाणु वैज्ञानिक, बीएआरसी में चयन से उत्तराखंड गौरवान्वित

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली की दूरस्थ बांगर पट्टी के होनहार युवा आदित्य मेंगवाल ने देश के सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों में शुमार भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में परमाणु वैज्ञानिक के पद पर चयनित होकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद आदित्य ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर हो, तो कोई भी बाधा सफलता के मार्ग में रुकावट नहीं बन सकती।

आदित्य की इस उपलब्धि को पूरे जनपद रुद्रप्रयाग के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उनकी सफलता पहाड़ के युवाओं के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा लेकर आई है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह देश के वैज्ञानिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, काबीना मंत्री भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, युवा नेता मोहित डिमरी सहित सैकड़ों लोगों ने आदित्य की इस उपलब्धि को पूरे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहाड़ के युवाओं के लिए एक नई मिसाल कायम की है।

उन्होंने कहा कि आदित्य मेंगवाल की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी स्थान या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आदित्य भविष्य में विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में देश की सेवा करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे।