Jun 26, 2026

अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर ऊखीमठ पुलिस का जागरूकता अभियान, पर्यटक ग्राम सारी में ग्रामीणों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

post-img

रुद्रप्रयाग। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने प्रसिद्ध पर्यटक ग्राम सारी में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने ग्रामीणों को विशेष रूप से सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और उपस्थित सभी ग्रामीणों को जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने की शपथ दिलाई।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशे की तस्करी, अवैध बिक्री या मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं बाल अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी भी दी। साथ ही ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनीता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत नेगी, भूतपूर्व सरपंच मुरली सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता भरत सिंह, सरपंच देखरेख समिति के देवेंद्र नेगी, वार्ड सदस्य प्रेमा देवी, बीना देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक पूजा रावत, आरक्षी विनोद एवं आरक्षी राकेश नेगी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।