सेवा संकल्प अभियान के तहत गुलाबराय मैदान में लगा स्वास्थ्य शिविर, परिवार नियोजन व किशोर स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुलाबराय मैदान में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 64 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान लोगों को परिवार नियोजन, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य तथा एचआईवी/एड्स से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल के निर्देशन में आयोजित शिविर में परिवार नियोजन सेवाओं के तहत 26 लोगों की काउंसलिंग की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों, उनके महत्व और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी।
शिविर के दौरान पांच बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। इस दौरान बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में टीकाकरण की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने एचआईवी/एड्स के कारणों, संक्रमण से बचाव के उपायों और इससे जुड़ी भ्रांतियों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही समय पर जांच एवं उपचार के महत्व पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
शिविर में डॉ. मो. उमेर, एएनएम दीपिका पंवार, परिवार नियोजन काउंसलर रेखा जोशी, आरकेएसके काउंसलर विपिन सेमवाल, डीसी-आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी, डीईओ प्रतिरक्षण यशवंत राणा, नर्सिंग अधिकारी कैलाश सिंह, फार्मासिस्ट महेश पंवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

