05.10.2026 ADVT

ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझेंगे रुद्रप्रयाग के मतदाता, 364 मतदेय स्थलों तक पहुंचेगी जागरूकता वैन

Blog
                        Image

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय से मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन को दिखाई हरी झंडी, चार स्थानों पर स्थापित किए गए प्रदर्शन केंद्र

 

रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय परिसर से मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) को रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया।

 

अभियान के तहत जनपद के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 364 मतदेय स्थलों को कवर किया जाएगा। इनमें केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के 173 और रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 191 मतदेय स्थल शामिल हैं। मोबाइल वैन गांवों, मोहल्लों, मतदान केंद्रों और विभिन्न क्लस्टरों में पहुंचकर मतदाताओं को ईवीएम के संचालन तथा वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करेगी।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों पर संचालित इस अभियान के तहत विद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से भी विद्यार्थियों और मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और संबंधित उपजिलाधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं, जहां पहुंचकर लोग ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे।

 

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार इन प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से भी मतदाताओं की शंकाओं का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

निर्वाचन कार्यालय की इस पहल का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के मन में किसी भी प्रकार की शंका को दूर करना और ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति विश्वास बढ़ाना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूक होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

 

Rohit Dimri - 22.11.2026- 1
Rohit Dimri - 22.11.2026- 2
Rohit Dimri - 22.11.2026- 3