ढोल-दमाऊ की थाप पर अवतरित हुए पांडव पश्वा, दो घंटे तक चला बाणों के कौथिग का रोमांचक आयोजन,
14 दिसंबर को प्रसाद वितरण के साथ होगा पांडव नृत्य का विधिवत, समापन
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत दरमोला के राजस्व ग्राम तरवाड़ी में आयोजित पारंपरिक पांडव नृत्य में बुधवार से पांडवों ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ नृत्य शुरू कर दिया। इस दौरान बाणों का कौथिग श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। ढोल-दमाऊ की थाप और पारंपरिक देव अनुष्ठानों के बीच पांडव पश्वाओं के नृत्य को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तरवाड़ी पहुंचे। भक्तों ने भगवान बद्रीविशाल, शंकरनाथ देवता और पांडवों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
उल्लेखनीय है कि गत 20 नवंबर को एकादशी पर्व पर अलकनंदा-मंदाकिनी के पवित्र संगम स्थल पर गंगा स्नान के साथ भरदार क्षेत्र के तरवाड़ी गांव में पांडव नृत्य का शुभारंभ हुआ था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने भगवान बद्रीविशाल सहित अन्य देवी-देवताओं को पूरी, प्रसाद और खीर का भोग अर्पित किया। इसके बाद पुजारी कीर्ति प्रसाद डिमरी ने पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों एवं देव निशानों की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, पांडव पश्वाओं ने सर्वप्रथम पांडव चौक के चारों कोनों की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात ढोल सागर की पारंपरिक ताल पर देवता अवतरित हुए। पुजारी द्वारा पांडवों को अस्त्र-शस्त्र प्रदान किए जाने के बाद पश्वाओं ने ढोल-दमाऊ की गूंज के बीच नृत्य शुरू किया। बाणों का कौथिग करीब दो घंटे तक चला, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। अनुष्ठान के समापन पर भगवान बद्रीविशाल को अर्पित भोग श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।
पांडव नृत्य के आयोजन में दरमोला, तरवाड़ी, स्वीली, सेम, डुंगरी, जवाड़ी, मेदनपुर और रौठिया समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीण उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
पांडव नृत्य समिति तरवाड़ी के अध्यक्ष करण रावत ने बताया कि आगामी 12 दिसंबर को नौगरी का कौथिग, 13 दिसंबर को गेंडे का कौथिग एवं सिरोता तथा 14 दिसंबर को नारायण के फल वितरण के साथ पांडव नृत्य का विधिवत समापन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील की।
इस अवसर पर पुजारी कीर्ति प्रसाद डिमरी, जसपाल सिंह पंवार, नत्था सिंह पंवार, किशन रावत, नरेंद्र पंवार, शूरवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, वीर सिंह, केवल सिंह, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

