पुलिस कार्यालय से लेकर थानों और चौकियों तक आयोजित हुए कार्यक्रम, पुलिसकर्मियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का वाचन
रुद्रप्रयाग। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से जनपदभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन सहित जनपद के सभी थानों और पुलिस चौकियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना एवं उद्देशिका का वाचन कराते हुए शपथ दिलाई। वहीं पुलिस लाइन में प्रतिसार निरीक्षक तथा जनपद के विभिन्न थानों एवं चौकियों में संबंधित प्रभारी अधिकारियों की ओर से पुलिसकर्मियों को संविधान के आदर्शों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का संकल्प लिया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने और आमजन के अधिकारों एवं सम्मान की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस नागरिकों को संविधान में प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

