संविधान के मूल्यों को व्यवहार और कार्यशैली में अपनाएं अधिकारी-कर्मचारी: जिलाधिकारी
रुद्रप्रयाग। जनपद में गुरुवार को संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों, विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, तहसीलों, उपजिलाधिकारी कार्यालयों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लोगों को संविधान में निहित मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
संविधान दिवस का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। यहां जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। साथ ही सभी को संविधान में निहित मूल आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने और उनका पालन करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य आमजन को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करना और संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान में निहित आदर्शों को अपनी कार्यशैली एवं व्यवहार में आत्मसात करें। विशेषकर जनसेवा के दौरान समानता, निष्पक्षता और न्याय के सिद्धांतों का पालन करते हुए आमजन के हितों को प्राथमिकता दें।

