हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति की अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का विधिवत शुभारंभ हो गया। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक धार देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में प्रदेश भर के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा है। उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और वरिष्ठ नेता अरविंद मेनन सहित पार्टी के तमाम दिग्गज पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अरविंद मेनन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया जा रहा है। शनिवार सुबह 11 बजे निर्धारित उद्घाटन सत्र करीब दो घंटे की देरी से दोपहर एक बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। उनके जल्द हरिद्वार पहुंचने की संभावना जताई गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन और हरिद्वार में आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल होने से जुड़े कार्यक्रम के चलते कार्यसमिति की बैठक के समय में बदलाव करना पड़ा। उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन की मौजूदगी ने बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्य भी इसमें भाग ले रहे हैं। बैठक में संगठन की गतिविधियों, बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक विस्तार, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राजनीतिक दृष्टि से यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि उत्तराखंड में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने संगठन को चुनावी दृष्टि से तैयार करने, विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने की जिम्मेदारी है। प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक में होने वाला विचार-विमर्श आने वाले समय में पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक में 2027 के चुनाव को लेकर संगठन के लिए कौन-सी प्राथमिकताएं और कार्ययोजनाएं तय की जाती हैं।

