20 स्वास्थ्य उपकेंद्रों और तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दी गई तैनाती, एक माह के भीतर संभालना होगा कार्यभार
रुद्रप्रयाग। जनपद की ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने जा रही है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 25 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) में से 24 को काउंसलिंग के बाद नियुक्ति स्थल आवंटित कर दिए गए हैं। मेरिट और निर्धारित मानकों के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनाती दी गई है। एक अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थित रही। सभी चयनित एएनएम को एक माह के भीतर आवंटित तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि जनपद में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 25 पदों पर चयन किया गया था। नियुक्ति स्थल आवंटित करने के लिए आयोजित काउंसलिंग में शामिल 24 अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य उपकेंद्र तिलवाड़ा, सुमाड़ी, चोपड़ा, जवाड़ी, मयाली, दुर्गाधार, बुढ़ना, मनसूना, बसुकेदार, चौरा, दिगधार, बरसूड़ी, जग्गी-बगवान, फाटा, त्यूंखर, खलियाण, लदोली, जसोली, रामपुर और दैड़ा में तैनाती दी गई है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में दो और ऊखीमठ में तीन पदों पर नियुक्ति स्थल आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन नियुक्तियों से विशेषकर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहतर होगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, परिवार कल्याण और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
काउंसलिंग प्रक्रिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल की अध्यक्षता में गठित समिति की देखरेख में संपन्न हुई। समिति में जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस नेगी और डॉ. भुवन शामिल रहे। वहीं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप सिंह रावत, प्रधान सहायक महिपाल सिंह नेगी और कनिष्ठ सहायक दीपक रावत ने भी काउंसलिंग प्रक्रिया में सहयोग किया।

