govt-ads

जिला मुख्यालय मार्ग पर पसरा अंधेरा, 20 से 25 स्ट्रीट लाइटें बंद, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

Blog
 Image

सात-आठ महीने से अंधेरे में डूबा बेला वार्ड, 20 से 25 स्ट्रीट लाइटें बंद,

 

 

 जंगली जानवरों की आवाजाही और सड़क हादसों का बना खतरा,

वर्ष 2023 में पर्यटन विभाग ने लगाई थीं लाइटें, रखरखाव के अभाव में व्यवस्था बदहाल

 

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग के वार्ड नंबर तीन बेला में जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले मार्ग पर पिछले कई महीनों से अंधेरा पसरा हुआ है। मार्ग पर लगी करीब 20 से 25 स्ट्रीट लाइटें पिछले सात से आठ महीने से बंद पड़ी हैं। शाम ढलते ही पूरा रास्ता अंधेरे में डूब जाता है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है, बल्कि जंगली जानवरों की आवाजाही और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।

 

जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में पर्यटन विभाग की ओर से बेला वार्ड में जिला मुख्यालय मार्ग पर रोशनी की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। शुरुआत में इन लाइटों से मार्ग रोशन रहता था और स्थानीय लोगों को भी काफी राहत मिली थी, लेकिन समय के साथ इनके रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा यह है कि करीब 20 से 25 लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं और पूरा क्षेत्र रात के समय अंधेरे की चपेट में है।

 

स्थानीय निवासी चंद्रमोहन नेगी का कहना है कि बेला वार्ड के जिला मुख्यालय मार्ग पर पिछले सात से आठ महीने से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। करीब 20 से 25 लाइटें खराब होने के कारण लोगों को रात के समय आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य राहगीरों के लिए भी महत्वपूर्ण है। अंधेरे के कारण रास्ते में जंगली जानवरों के आने का भय बना रहता है। वहीं, वाहन चालकों को भी सड़क की स्थिति और आसपास की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

 

उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित स्तर पर शिकायत की गई। यहां तक कि सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। शिकायत के बाद भी यदि सात-आठ महीने तक समस्या का समाधान नहीं होता है तो इससे जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पर्यटन विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च कर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई थीं, तो उनके नियमित रखरखाव और खराब होने पर समय से मरम्मत की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए थी। सरकारी धन से स्थापित सुविधाओं का उपयोग तभी सार्थक है, जब उनका लाभ आम जनता को लगातार मिलता रहे। रखरखाव के अभाव में लाइटों का बंद पड़े रहना न केवल सरकारी संसाधनों की अनदेखी है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय भी है।

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बेला वार्ड के जिला मुख्यालय मार्ग पर बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग उठाई है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए लाइटों के नियमित निरीक्षण और रखरखाव की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। अब देखना होगा कि सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच चुकी इस समस्या पर जिम्मेदार अधिकारी कब तक कार्रवाई करते हैं और बेला के लोगों को अंधेरे से कब निजात मिलती है।